फरीदकोट के कोटकपूरा शहर में विश्व स्तर पर प्रसिद्ध ढोढा मिठाई के संस्थानों पर मंगलवार को आयकर विभाग की उच्च स्तरीय टीम ने छापेमारी करते हुए सर्वे की कार्रवाई शुरू की। यह कार्रवाई विभाग की डायरेक्टर इंवेसिटिगेशन जालंधर अमनप्रीत कौर वालिया के नेतृत्व वाली टीम द्वारा की जा रही है, जिसमें करीब 30 से 35 अधिकारी-कर्मचारी शामिल है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह 11 बजे करीब 10 गाड़ियों में पहुंची आयकर विभाग की टीम ने ढोढा ग्रुप के तीन प्रतिष्ठानों और आवास पर एक साथ दबिश देकर सर्वे शुरू किया। टीम ने ढोढा चौक स्थित मुख्य दुकान के अलावा ढोढा बेकरी तथा नए बस स्टैंड स्थित ढोढा हाउस में भी कार्रवाई की। इसके साथ ही ढोढा ग्रुप के मालिकों के आवास पर भी टीम पहुंची। खबर लिखे जाने तक विभिन्न ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई जारी थी। टीम द्वारा दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस पूरी कार्रवाई को लेकर आयकर विभाग के अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं, ढोढा ग्रुप के मालिकों की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग को मिले कुछ तथ्यों और जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल सर्वे पूरा होने के बाद ही कार्रवाई से संबंधित वास्तविक स्थिति और अन्य विवरण स्पष्ट हो पाएंगे। बता दें कि कोटकपूरा की प्रसिद्ध ढोढा मिठाई विश्व भर में अपनी अलग पहचान रखती है। ढोढा ग्रुप पिछले 100 वर्षों से भी अधिक समय से ढोढा मिठाई तैयार कर रहा है। पंजाब के अलावा देश के विभिन्न राज्यों तथा विदेशों में भी ढोढा मिठाई को लोग काफी पसंद करते हैं।