हनुमानगढ़. संगरिया थाना क्षेत्र के गांव मानकसर के पास संगरिया-हनुमानगढ़ रोड पर सोमवार सुबह बाइक को बचाने के प्रयास में बेकाबू होकर बस पलट गई। हादसे में बाइक सवार दो जनों तथा बस सवार एक महिला की मौत हो गई। इसके अलावा बस में सवार 11 यात्री घायल हो गए। उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं एसपी हरीशंकर यादव ने अस्पताल पहुंच घटना एवं घायलों के इलाज के संबंध में जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया था।जानकारी के अनुसार विश्वकर्मा ट्रेवल्स की बस हनुमानगढ़ से डबवाली के लिए सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे रवाना हुई। गांव माणकसर के पास रोड पर जा रही बाइक को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे लगे सूचना बोर्ड से टकराते हुए पलट गई। उसके नीचे बाइक सवार दो जने दब गए। बस चालक सहित 11 जने घायल हो गए। बस को क्रेन की मदद से सीधा कर यातायात सुचारू कराया गया। हादसे के कारण वाहनों व ग्रामीणों की भीड़ लग गई थी।