अहमदाबाद (गुजरात) पुलिस में तैनात राजस्थान के युवक के खिलाफ मंगलवार को पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पाली जिले के शिवतलाव निवासी अर्जुन सिंह पुरोहित अहमदाबाद के वासणा क्षेत्र स्थित सैटेलाइट पुलिस स्टेशन में कॉन्स्टेबल के पद पर है। 15 अप्रैल को वासणा इलाके में उसकी पत्नी गीता राजपुरोहित (35) घर में फंदे से लटकी मिली थी। घटना से एक दिन पहले गीता ने पति के साथ झगड़े का वीडियो वॉट्सएप स्टेटस पर लगाया था। मामले में गीता के पीहर पक्ष ने वासणा पुलिस थाने में पति अर्जुन सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने को लेकर रिपोर्ट दी थी। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग और करणी सेना के कार्यकर्ता अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। राजस्थान के करणी सेना के अध्यक्ष राज शेखावत भी प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी कॉन्स्टेबल की तत्काल गिरफ्तारी, हत्या का मामला दर्ज करने और जांच क्राइम ब्रांच को सौंपने की मांग की। गीता के परिजन का आरोप है कि यह केवल आत्महत्या का मामला नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। जोधपुर के पाल गांव निवासी गीता राजपुरोहित पुत्री जेठू सिंह की शादी 2013 में अर्जुन सिंह से हुई थी। भीड़ बढ़ने पर पुलिस कमिश्नर ऑफिस के गेट बंद किए FIR दर्ज होने के बावजूद आरोपी कॉन्स्टेबल की गिरफ्तारी नहीं होने से मृतका के परिजन और राजस्थानी समाज के लोगों में नाराजगी बढ़ गई। न्याय की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग रैली के रूप में अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। राजस्थान के विभिन्न संगठनों के लोग भी प्रदर्शन में शामिल हुए। भीड़ बढ़ने पर पुलिस कमिश्नर कार्यालय के गेट बंद कर दिए गए, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रताड़ित करता था पति गीता के परिवार का कहना है कि आरोपी अर्जुन, गीता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। आरोप है कि वह अक्सर विवाद और मारपीट करता था। परिजनों का दावा है- अर्जुन ने गीता के भाई नत्थू सिंह को फोन कर कहा था कि बेटे की मेडिकल रिपोर्ट अच्छी नहीं आने के कारण गीता परेशान है। वह नींद की गोलियां लेकर सो गई है। हालांकि, वीडियो कॉल के दौरान गीता आधी बेहोश नजर आ रही थी। इसके बाद नत्थू सिंह तुरंत जोधपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना हो गया। इसी दौरान जेठ ने गीता के आत्महत्या किए जाने की सूचना दी। कमिश्नर से मुलाकात नहीं होने पर धरने पर बैठे परिजन प्रदर्शन के दौरान गीता के परिवार को कमिश्नर ऑफिस में लेकर गए, लेकिन पुलिस कमिश्नर से मुलाकात नहीं होने पर परिजन नाराज हो गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस कमिश्नर उनसे मुलाकात नहीं करते हैं तो वे कार्यालय के बाहर ही धरना जारी रखेंगे। बाद में पुलिस कमिश्नर की अनुपस्थिति में परिवार को प्रभारी कमिश्नर के सामने अपनी बात रखने के लिए ले जाया गया। बता दें कि परिवार पिछले 20 दिन से वासणा पुलिस स्टेशन के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रहा है। परिवार की तीन बड़ी मांगें परिजन ने आरोपी पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा हटाकर हत्या का मामला दर्ज करने, आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी करने और मामले की जांच स्थानीय पुलिस के बजाय क्राइम ब्रांच को सौंपने की मांग की है। पति से झगड़े के बाद वॉट्सएप स्टेटस पर डाला था वीडियो भाई नत्थूसिंह ने बताया- घर की जांच के दौरान एक चिट्ठी भी मिली। इसमें लिखा था- भाई को बोला था बच्चों के सामने देख ले… अब बच्चे भी धोखा दे रहे हैं। मैं उनका दुख नहीं देख पा रही हूं। पागल हो गई हूं। गीता का पहले भी पति के साथ कई बार विवाद हुआ था। 14 अप्रैल को विवाद होने के बाद उसने वीडियो वॉट्सएप स्टेटस पर लगाया था। …… घटना से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें … विवाहिता की मौत के बाद कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन:तपती धूप में नंगे पैर पहुंचा भाई, बोला- बहन का पति पुलिस में, निष्पक्ष जांच नहीं हो रही जोधपुर में विवाहिता की मौत के बाद आज परिजनों और समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। विवाहिता का भाई तपती धूप में नंगे पैर पहुंचा। पूरी खबर पढ़ें