भीलवाड़ा कॉन्स्टेबल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह थाने की गाड़ी चलाते थे। सुबह ड्यूटी पर नहीं गए तो थानाधिकारी उन्हें बुलाने पहुंचे, देखा तो वह थाना परिसर में बने क्वार्टर में जमीन पर पड़े हुए थे। थानाधिकारी और साथी पुलिसकर्मी करेड़ा पीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हॉस्पिटल में ड्यूटी डॉक्टर ने शुरुआती जांच में साइलेंट अटैक को मौत का कारण माना है। हालांकि पोस्टमॉर्टम करवाया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद पूरी स्थिति क्लियर हो पाएगी । मामला करेडा पुलिस थाना परिसर में बने पुलिसकर्मियों के क्वार्टर में सुबह करीब 9 बजे का है। मृतक कॉन्स्टेबल कैलाश 2017 से करेड़ा थाने में पोस्टेड थे। वे जयपुर के जमवारामगढ़ के मानोता गांव के रहने वाले थे। लांगरी से कहा था- मेरा व्रत है, खाना मत बनाना थाना प्रभारी पूरण मीणा ने बताया- कॉन्स्टेबल कैलाश (50) थाने में पुलिस गाड़ी के ड्राइवर थे। वे थाना परिसर में अपने सरकारी क्वार्टर में अकेले ही रहते थे और उनका परिवार जयपुर में रहता है। आज वो अपने तय टाइम पर बिना वर्दी थाना परिसर में बने मंदिर में पूजा करने आए थे। इस दौरान उन्होंने खाना बनाने वाले लांगरी से कहा था कि आज नवरात्रि का व्रत है, इसलिए सुबह का खाना नहीं खाऊंगा। मेरा खाना मत बनाना। इसके बाद वे सभी से मिलकर वापस वर्दी पहनने के लिए क्वार्टर गए थे। हालांकि 9:15 बजे के करीब थाने नहीं पहुंचने पर मैं खुद उनके क्वार्टर गया था, जहां कैलाश चंद्र जमीन पर पड़े थे। उन्हें साथी पुलिसकर्मियों के साथ करेड़ा पीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हॉस्पिटल में ड्यूटी डॉक्टर ने शुरुआती जांच में साइलेंट अटैक को मौत का कारण माना है। हालांकि पोस्टमॉर्टम करवाया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद पूरी स्थिति क्लियर हो पाएगी। सूचना पर करेड़ा पहुंचे मृतक कैलाश चंद्र मीणा के बेटे राजेश मीणा सहित अन्य परिजनों को पार्थिव देह सौंप दी गई। 1998 में जॉइनिंग हुई थी थानाधिकारी के अनुसार- मृतक कैलाश चंद्र मीणा 1998 में पुलिस में भर्ती हुए थे। वे 2017 से करेड़ा थाने में पोस्टेड थे। वे जयपुर के जमवारामगढ़ के मानोता गांव के रहने वाले थे। कैलाश चंद्र मीणा के परिवार में 2 बेटे, 2 बेटियां और पत्नी है। थाने में पुलिसकर्मियों ने दी श्रद्धांजलि पुलिस थाने में साथी पुलिस कर्मियों ने पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित करके अंतिम सलामी दी। इस दौरान साथी पुलिसकर्मी भावुक हो गए। थानाधिकारी ने बताया कि कैलाश चंद्र मिलनसार स्वभाव के थे।