कैथल के गांव खरकां में पंजाब के गांव चिचड़वाला निवासी युवक गुरचरण पर हमला कर उसकी टांगें तोड़ने के मामले में कैथल पुलिस दो आरोपियों को पंजाब के पटियाला से पकड़ कर कैथल ले आई। इनमें लालवा, जिला पटियाला पंजाब के लवजीत तथा गुरप्रीत उर्फ गग्गू शामिल हैं। मामले में पंजाब के शुतराना के आम आदमी पार्टी विधायक कुलवंत बाजीगर व उसके दो बेटों पर गुहला थाना में एफआईआर दर्ज हुई थी। प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पास मारपीट करने के लिए कॉल आई थी। इसी के आधार पर उन्होंने युवक से मारपीट की थी। अब तक उन्हें नहीं पता कि कॉल करने वाले का पंजाब के विधायक से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस का कहना है कि विधायक से संबंध के बारे में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनको कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। रंजिशन हमले का था आरोप बता दें कि, 28 अक्टूबर को पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित गुरचरण ने कहा था कि उसने अपने गांव में विधायक कुलवंत बाजीगर के भाई के सामने सरपंची का चुनाव लड़ा था। इसी वजह से विधायक और उसका भाई रंजिश रखे हुए थे। गुरचरण ने बताया कि 28 अक्टूबर को वह और उसका दोस्त गाड़ी में खरकां गांव में बजरी लेने गए थे। अचानक वहां स्विफ्ट कार में कुछ युवक पहुंचे जिन्होंने पिस्तौल के दम पर उसे गाड़ी से नीचे उतरने को मजबूर कर दिया। बाद में वे उसे जबरन अपनी कार में बैठाकर ले गए। गुरचरण ने दावा किया था कि उसकी किडनैपिंग के दौरान इन युवकों में से एक के पास विधायक कुलवंत बाजीगर के बेटे की वीडियो कॉल आई। आरोपियों ने तोड़ी टांग विधायक के बेटे में उसे धमकाते हुए पूछा था कि, दोबारा मेरे पापा के खिलाफ वीडियो डालेगा। उसी समय विधायक कुलवंत बाजीगर के दूसरे बेटे ने किडनैपर से मेरी दोनों टांगें तोड़ देने को कहा। ये सुनकर किडनैपर ने मेरी टांगों पर रॉड से वार किए। उसी समय कुछ लोगों को आता देखकर किडनैपर वहां से भाग गए। बता दें कि, पुलिस ने मामले में पंजाब के आप विधायक कुलवंत बाजीगर व उसके दो बेटों सहित पांच व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। डीएसपी कुलदीप बेनीवाल ने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों का पूछताछ के लिए रिमांड लिया जाएगा।
