भीलवाड़ा में सोमवार को ज्वेलर की पत्नी ने सुसाइड कर लिया। महिला लंबे समय से कैंसर की बीमारी से लड़ रही थी। आज सुबह घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। घटना भीलवाड़ा के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में सुबह करीब 10 बजे हुई। महिला के पति का फिलहाल अहमदाबाद में पैरालिसिस का इलाज चल रहा है। पहली मंजिल पर बने कमरे में पंखे से लगाया फंदा
प्रताप नगर थाना एएसआई कानाराम ने बताया- थाना क्षेत्र निवासी 50 साल की महिला ने अपने घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में पंखे से साड़ी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुबह करीब 10 बजे उनका बेटा उन्हें बुलाने ऊपर कमरे में गया तो वह फंदे से लटकी हुई मिली। बेटे ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी करवाने के बाद शव को नीचे उतारा और जिला अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। परिवार का भीलवाड़ा में ही ज्वेलरी का शोरूम है। अहमदाबाद के हॉस्पिटल में पति का चल रहा इलाज
पुलिस का कहना है- महिला लंबे समय से कैंसर बीमारी से पीड़ित थी। जबकि पैरालिसिस होने पर पति अहमदाबाद के एक हॉस्पिटल में भर्ती है। शुरुआती जांच में सामने आया कि इसके कारण महिला तनाव में थी। हालांकि फिलहाल मामले की जांच जारी है।