कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा-पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने सरेंडर नहीं करेगी। नरेंद्र मोदी और अमित शाह सीईसी ज्ञानेश कुमार को बचाने की जितनी भी कोशिश कर लें देश का नागरिक ऐसा नहीं होने देगा। केसी वेणुगोपाल ने यह बात रविवार को जयपुर के कांस्टीट्यूशन क्लब में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कही। उन्होंने 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ महारैली में राजस्थान के नेताओं को 1 लाख की भीड़ जुटाने का टारगेट दिया। वहीं, रैली से व्यापारियों को होने वाली परेशानी के सवाल पर उन्होंने कहा कि ज्यादा लोग आएंगे तो शॉपिंग भी ज्यादा करेंगे। ज्ञानेश कुमार के हटने तक विरोध जारी रहेगा केसी वेणुगोपाल ने कहा-हमारा विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक ज्ञानेश कुमार पद से नहीं हट जाते हैं और देश में फ्री एंड फेयर इलेक्शन नहीं होते हैं। यह देश के लोगों का मौलिक अधिकार है। व्यापारियों की ओर से राहुल गांधी को लिखे गए पत्र के सवाल पर उन्होंने कहा -रैली से व्यापारियों को फायदा होगा। ज्यादा लोग आएंगे तो ज्यादा शॉपिंग करेंगे। मोदी की विदेश यात्राओं के बारे में सोचे भाजपा राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर बीजेपी के सवाल पर वेणुगोपाल ने कहा- भाजपा को पहले नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं के बारे में सोचना चाहिए, राहुल गांधी की विदेश यात्रा के बारे में नहीं। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद रहे।
