भास्कर न्यूज | अमृतसर केटी कला म्यूजियम पंजाब में कला का एक जीवंत और प्रतिष्ठित केंद्र बन चुका है। वर्षों से यह संस्थान प्रदर्शनियों, कार्यशालाओं, सेमिनारों, छात्र कार्यक्रमों और सामुदायिक कला गतिविधियों का आयोजन करते हुए वरिष्ठ कलाकारों और युवा प्रतिभाओं-दोनों को सशक्त मंच प्रदान करता रहा है। इसी समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ट्रस्ट ने अपनी बहुप्रतीक्षित ‘केटी पंजाब स्टेट आर्ट एग्जिबिशन 2025’ का उद्घाटन 28 नवंबर को किया, जिसमें 140 कला कृतियां-चित्रकारियां, रेखाचित्र, मूर्तियां, डिजिटल आर्ट, ग्राफिक्स और फोटोग्राफी प्रदर्शित की गईं। ये कृतियां 7 दिसंबर तक संग्रहालय में प्रदर्शित रहेंगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन इंजीनियर राम पाल चतरथ, चीफ इंजीनियर, सिंचाई विभाग पंजाब ने किया। उन्होंने संग्रहालय के कला-संरक्षण के सतत प्रयासों की सराहना करते हुए इस प्रदर्शनी को कल्पना और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत संगम कहा। निर्देशक ब्रजेश जॉली ने बताया कि संग्रहालय को 500 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जिनमें से विशेषज्ञ जूरी द्वारा 140 उत्कृष्ट रचनाएं चयनित की गईं। पेशेवर कलाकारों के लिए 10 हजार के 10 नकद पुरस्कार तथा उभरते कलाकारों के लिए 5 हजार के 10 पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त 20 हाईली कमेंडेड अवॉर्ड भी दिए गए। अमृतसर से सम्मानित कलाकारों में आदित्य भाटिया, गुरशरण कौर, कवी चौहान, दानिश, इंदरप्रीत कौर और तेगबीर सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम में प्रिंसिपल रजनी अरोड़ा, डॉ. ललित गोपाल पराशर, सुमीत दूआ, कुलवंत सिंह गिल मौजूद थे।