जयपुर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4 में 27 से 29 जून तक आयोजित 55वीं क्षेत्रीय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का सोमवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में ताइक्वांडो और रोप स्किपिंग स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें जयपुर क्षेत्र के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों के 278 खिलाड़ियों और 61 अनुरक्षकों ने भाग लिया। विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अब केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) की राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में जयपुर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। विजेताओं को पदक देकर किया सम्मानित प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य महिपाल सिंह ने किया था। समापन समारोह में उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया। इस दौरान रघुवीर सिंह शेखावत और विजय सिहाग ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। आयोजन के सफल संचालन में खेल शिक्षक मनोज महावर की अहम भूमिका रही। प्राचार्य बोले- खेल से अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है प्राचार्य महिपाल सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इससे शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने आयोजन समिति, खेल प्रशिक्षकों, निर्णायकों, अनुरक्षकों और सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
