भारत सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सऊदी अरब पहुंचे। उन्होंने भारतीय दूतावास सऊदी अरब की ओर से आयोजित ‘प्रवासी भारतीय संवाद कार्यक्रम’ में शिरकत की। इस संवाद में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिसका उद्देश्य प्रवासियों के पक्ष को जानने के साथ ही भारत- सऊदी अरब संबंधों को मजबूत बनाना था। मंत्री बोले- प्रवासी भारत की शक्ति हैं
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सऊदी अरब में कार्यरत भारतीय समुदाय की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय न केवल अपने परिश्रम, समर्पण और योगदान से देश का नाम ऊंचा कर रहे हैं, बल्कि वे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक पुल को मजबूत बनाने में भी अमूल्य योगदान दे रहे हैं। मंत्री ने प्रवासियों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया और उनके हितों की रक्षा के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। रियाद और जयपुर के बीच सीधी उड़ान की मांग
संवाद कार्यक्रम में राजस्थान कम्युनिटी रियाद के सदस्य शामिल हुए। टीम के सदस्यों में डॉ. इदरीस, निसार भारू, यूसुफ खां, गुलाम खां सोती, शेर सुल्तान और अल्ताफ रौल साहबसर शामिल थे। गुलाम खान सोती ने भारतीय मजदूरों से जुड़े मुद्दों को संवेदनशीलता के साथ शेखावत के सामने रखा। निसार खान भारू ने कहा कि रियाद और जयपुर के बीच सीधी उड़ान न होने से यात्रियों को काफी असुविधा होती है। उन्होंने आग्रह किया कि सप्ताह में दो-तीन सीधी उड़ानें शुरू होने से राजस्थान के लोगों को बेहद राहत मिलेगी। शेखावत बोले- भारत सरकार तक पहुंचाएंगे मुद्दा
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रवासी समुदाय की इस मांग को अत्यधिक गंभीरता और सकारात्मकता के साथ सुना। उन्होंने निसार भारू की मांग पर आश्वासन देते हुए कहा कि वे रियाद से जयपुर के बीच सीधी उड़ान का यह मुद्दा भारत सरकार के उच्च स्तर तक पहुंचाएंगे और इस विषय के शीघ्र समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
