भास्कर न्यूज | जालंधर आदमपुर शहर के बीचों-बीच बन रहा फ्लाईओवर अब स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए जी का जंजाल बन चुका है। शनिवार को आक्रोशित दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने केंद्र सरकार से इस फ्लाईओवर का काम शुरू करवाने की मांग की थी। लोगों का आरोप है कि प्रशासन और सरकारों की अनदेखी की वजह से उनका व्यापार और जीवन दोनों नर्क बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि होशियारपुर में जमीन अधिग्रहण मामले में गड़बड़ी हुई थी, लेकिन केंद्र सरकार ने आमदपुर फ्लाईओवर के काम को भी जुलाई 2025 में कैंसिल कर दिया, जो जनता से धोखा है। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि पूर्व की राज्य सरकार की बेरुखी और राजनीतिक खींचतान की वजह से यह प्रोजेक्ट लटका रहा। जुलाई 2025 में एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली जाकर केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर काम शुरू करवाने की गुहार लगाई थी, और उन्हें फ्लाईओवर बनाने के लिए मांग पत्र दिया था। इस दौरान उन्होंने आश्वासन तो दिया था, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम शुरू नहीं हो सका। इस मौके पर लोगों ने कहा कि इस फ्लाईओवर का निर्माण साल 2016 में शुरू किया गया था। इसे 2018 में पूरा होना था, लेकिन आज 8 साल बाद भी स्थिति जस की तस बनी है। लोगों ने दर्द बयां करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए उनके मकान और दुकानें तक गिरा दी गईं, लेकिन विकास के नाम पर उन्हें सिर्फ अधूरा ढांचा मिला। इस दौरान पूर्व विधायक पवन टीनू ने कहा कि वह इसलिए इस मुद्दे को दोबारा उठा रहे हैं, क्योंकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सचखंड डेरा बल्लां में नतमस्तक होने के लिए आ रहे हैं और उनका काफिला आदमपुर एयरपोर्ट से ही डेरे की ओर रवाना होगा। वैसे इस प्रोजेक्ट को लेकर जुलाई 2025 में दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से भी मिले थे।
