हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में नरवाना ब्रांच नहर (भाखड़ा) से हाथ-पैर बंधे मिले पंजाब के युवक के शव मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस युवक को उसके दो भाइयों ने मिलकर मौत के घाट उतारा था। आरोपी उसे दवा दिलाने के बहाने बाइक पर लेकर आए और हाथ-पैर बांधकर भाखड़ा नहर में फेंक दिया। अब इस मामले में पुलिस ने मृतक युवक गुरमुख सिंह के भाई राजेन्द्र कुमार व राकेश कुमार निवासी गोलू माजरा थाना लालडू जिला मोहाली (पंजाब) को गिरफ्तार किया है। पिछले महीने 20 मार्च को पुलिस गुरमुख सिंह का शव डल्ला माजरा गांव के पास भाखड़ा नहर से बरामद हुई थी। हालांकि उस समय शव की पहचान नहीं हुई थी। बाजू पर बने थे टैटू गुरमुख सिंह की लेफ्ट बाजू पर पंजाबी लिपि में सहोता का टैटू बना है। उसी हाथ पर ओम और राइट हैंड पर क्रॉस का टैटू था। गुरमुख के लेफ्ट पैर में 6 अंगुलियां थी। परिवार ने टैटू और अंगुलियां देखकर गुरमुख की पहचान की थी। पुलिस ने इस्माइलबाद थाने में हत्या का मामला दर्ज किया था। गुरमुख से परेशान था परिवार पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया गुरमुख सिंह पढाई करते समय 7वीं कक्षा में फेल हो गया था। इस कारण उसकी दिमागी हालत खराब हो गई। वे करीब 18 साल से गुरमुख सिंह का इलाज करवा रहे थे, लेकिन गुरमुख ठीक नहीं हुआ। दिमागी हालत ठीक नहीं होने से गुरमुख सिंह बच्चों के साथ मारपीट करता था। उनको डर था कि कहीं गुरमुख सिंह किसी को जान से ना मार दे।
हाथ-पैर बांधकर फेंका भाइयों ने 12 मार्च को गुरमुख सिंह को मारने की साजिश रची। आरोपी उसे बाइक (PB-65-JA-8052) पर बीच में बैठाकर दवा दिलवाने के बहाने गांव से लेकर आए। रास्ते में आते समय दुकान से प्लास्टिक की रस्सी खरीदी और इस्माइलाबाद के पास गुरमुख के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उसे जिंदा ही नहर में फेंक दिया था। सबसे छोटा बेटा था गुरमुख सिंह गुरमुख सिंह अपने दोनों भाइयों में सबसे छोटा था। गुरमुख सिंह के पिता निर्मल चंद पंजाब हेल्थ डिपार्टमेंट से बतौर फोर्थ क्लास वर्कर सेवानिवृत्त है। गुरमुख 12 मार्च को अपने घर से लापता हो गया था। परिवार ने उसकी पंजाब पुलिस में गुमशुदगी दर्ज नहीं करवाई थी। परिवार उसकी पहचान करने से भी इनकार कर रहा था। फुटेज से जुटाए साक्ष्य- मोहन लाल सीआईए-2 के इंचार्ज मोहन लाल ने बताया कि पुलिस ने CCTV फुटेज और गुप्त सूचना पर सुराग जुटाए। जांच करते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। जांच करते आरोपी राजेन्द्र कुमार व राकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों को कोर्ट से दो दिन के रिमांड पर लिया है।