गंगापुर सिटी के बाढ़रामसर गांव में खेत में बने कुएं में गिरने से पिता और बेटे की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। घटना बुधवार देर शाम की है। पुलिस को दी रिपोर्ट में खेमराज ने बताया कि उसका भाई पृथ्वीराज खेत में बाजरे की फसल में काम कर रहा था। उसका 6 साल का बेटा मनीष उर्फ काड़ा कुएं के पास खेल रहा था। पृथ्वीराज उसे हटाने पहुंचा, तभी पैर फिसलने से वह बच्चे सहित कुएं में गिर गया। लोगों ने निकाला बाहर, हो चुकी थी मौत
आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों को हादसे की जानकारी हुई। पास के खेत में जुताई कर रहे श्यालाल ने परिजनों और गांव वालों को बताया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सदर थाना प्रभारी सुशीला मीना ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गय।
