बूंदी जिला पुलिस ने कुंवारती मंडी से सरसों चोरी के एक मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई 20 कट्टे सरसों और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया है। पीड़ित प्रशांत जिंदल ने 18 मार्च 2026 की रात को मंडी शेड नंबर 4 से 20 बोरी सरसों चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह जांच करने पर बोरियां गायब मिलीं और सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग पिकअप में सरसों लोड करते हुए दिखाई दिए। इस पर थाना कोतवाली में प्रकरण मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा और वृताधिकारी अजीत मेघवंशी के सुपरविजन में थानाधिकारी भंवरसिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, गोपनीय सूचनाओं, आसूचना संकलन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रोहन बंजारा, निशानसिंह, कुशाल सैनी, विजयसिंह, कन्हैयालाल और राहुल गौतम शामिल हैं। पुलिस ने चोरी किए गए सरसों के कट्टे और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन को सफलतापूर्वक जब्त कर लिया है।