पंजाब में किसान आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ नेता बलबीर सिंह राजेवाल और हरिंदर सिंह लाखोवाल समेत कई प्रमुख किसान नेता आज अमृतसर पहुंचेंगे। सभी किसान नेता सबसे पहले श्री अकाल तख्त साहिब में नतमस्तक होंगे और वहां अरदास कर आगामी संघर्ष की तैयारियों की शुरुआत करेंगे। संघर्ष को नई दिशा देने की तैयारी किसान नेताओं का कहना है कि यह अरदास आने वाले संघर्ष को सही दिशा देने और किसानों को एकजुट करने का माध्यम बनेगी। अरदास के बाद संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की बैठक होगी, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। किसान संगठनों का उद्देश्य आंदोलन को फिर से मजबूत करना और किसानों के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है। गांव-गांव जागरूकता अभियान शुरू करेगा संयुक्त किसान मोर्चा किसान नेताओं ने घोषणा की है कि आने वाले दिनों में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा गांव-गांव जाकर एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत किसानों और आम लोगों को मौजूदा नीतियों और समस्याओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। पानी, बिजली और जनहित के मुद्दे होंगे केंद्र में किसान नेता गांवों में जाकर पानी के गंभीर संकट, बिजली संशोधन बिल और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। उनका कहना है कि इन नीतियों का सीधा असर किसानों और ग्रामीण जनता पर पड़ रहा है, लेकिन सरकार इन समस्याओं को लगातार नजरअंदाज कर रही है। “घर-घर जाकर लोगों को सच्चाई बताएंगे” किसान नेताओं ने कहा कि अब समय आ गया है कि हर गांव और हर घर तक जाकर लोगों को सच्चाई बताई जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान किसानों को संघर्ष के लिए तैयार करने और एकजुटता को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम साबित होगा।
