बांसवाड़ा में गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी के कुसुम योजना के लाभार्थी किसानों से संवाद के दौरान बातों ही बातों में सियासी तंज कसे गए। योजना के लाभार्थी एक किसान ने नाम लिए बिना राहुल गांधी पर तंज कसा। इस पर पीएम मोदी ने ठहाके लगाए। हमारी जमीन से आपने दिया सोना
पीएम कुसुम योजना के लाभार्थी किसान ने कहा- सोलर प्लांट लगने से मेरा सपना साकार हो गया। वैसे तो हम पहले अन्नदाता के रूप में जाने जाते थे, लेकिन आपकी मेहरबानी से हम ऊर्जादाता बन गए हैं। हमने आपको जमीन दी, मैं मानता हूं कि लोगों ने कहा कि आलू से सोना होगा। आलू से सोना तो नहीं हुआ, लेकिन हमारी जमीन से आपने हमें सोना जरूर दे दिया। पीएम ने किसानों से कहा- आप अब अन्नदाता से ऊर्जादाता बन गए हैं लाभार्थी किसानों से संवाद के दौरान बीच बीच में पीएम मोदी ने भी कुसुम योजना के अनुभवों के बारे में पूछा। किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कुसुम योजना से मिले फायदों के बारे में भी बताया। पीएम ने किसानों से कहा कि आप अब अन्नदाता से ऊर्जादाता बन गए हैं। कुसुम योजना से खेत ऊर्जादाता बन गए हैं। पीएम बोले- कांग्रेस ने कभी बिजली पर ध्यान नहीं दिया बांसवाड़ा में किसानों से संवाद के बाद पीएम मोदी ने सभा में कांग्रेस सरकारों पर खूब तंज कसे। उन्होंने कहा कि बिजली है तो दुनिया हमारे पास है, लेकिन हमारे देश में कांग्रेस की सरकार ने बिजली के महत्व पर ध्यान ही नहीं दिया। 2014 में जब मुझे सेवा का मौका दिया और प्रधानमंत्री पद का दायित्व संभाला, तब देश के ढाई करोड़ घर ऐसे थे, जहां बिजली का कनेक्शन नहीं ​था। आजादी के 70 साल के बाद भी बिजली नहीं थी। गांवों में बिजली के खंभे तक नहीं थे। गांवों में तो 4 से 5 घंटे बिजली आ जाए तो बड़ी बात हो जाती थी। लोग चुटकला सुनाते थे कि हमारे यहां बिजली गई ये न्यूज नहीं थी, बिजली आई ये न्यूज थी। हमारे यहां 1 घंटे बिजली आई इसका चुटकला सुनाते थे।