किशनगढ़बास थाना क्षेत्र के मांचा गांव में बुधवार रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान चाचाका निवासी समय दीन उर्फ बिल्ला (29) के रूप में हुई है। इस मामले में मांचा गांव के सरपंच हनीफ सहित 16 लोगों पर हत्या का आरोप है। मृतक के भाई ताहिर खान ने किशनगढ़बास थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक, समय दीन मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे बिलासपुर से अपनी मोटरसाइकिल पर गांव लौट रहा था। चामरोदा और मांचा गांव के बीच रास्ते में आरोपियों ने उसे रोका। आरोपियों के पास लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और फ्रेंच बेल्ट जैसे हथियार थे। उन्होंने समय दीन की बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि सरपंच हनीफ के कहने पर घायल युवक को उसके घर ले जाकर भी पीटा गया। पिटाई के बाद आरोपी उसे किशनगढ़बास सरकारी अस्पताल के गेट के पास मरा हुआ समझकर छोड़ गए। परिजनों के मौके पर पहुंचने पर समय दीन गंभीर अवस्था में मिला। उसे किशनगढ़बास अस्पताल से अलवर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच उसकी मौत हो गई। मरने से पहले समयदीन ने अपने परिजनों को पूरी वारदात बताते हुए सभी आरोपियों के नाम बताए थे। समय दीन के तीन छोटे बच्चे हैं। ताहिर खान ने पुलिस से हत्या के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और पोस्टमार्टम करवाकर न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। किशनगढ़बास के डीएसपी राजेंद्र सिंह निर्वाण ने बताया कि हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।