डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को इस बार बड़े स्तर पर मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी को लेकर 1 अप्रैल 2026 को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जन कल्याण समिति की बैठक अंबेडकर भवन भूरपहाड़ी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष छुट्टनलाल ने की। बैठक में समाज के अनेक लोगों ने भाग लेकर 14 अप्रैल को होने वाले कार्यक्रम को भव्य बनाने को लेकर चर्चा की। बाइक रैली निकालने का निर्णय बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष अंबेडकर जयंती पर विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसमें क्षेत्र के युवाओं की बड़ी भागीदारी रहेगी। इसके साथ ही आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए जादूगर शो और भव्य भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज को समानता और अधिकारों का संदेश दिया था, इसलिए उनकी जयंती को पूरे सम्मान और उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए। समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय कीं और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। अंबेडकर जयंती के कार्यक्रम को लेकर जल्द ही अलग-अलग टीमों का गठन किया जाएगा और रैली, झांकियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। ये रहे मौजूद बैठक में गोरासिंह, धीरसिंह ठेकेदार, विजय सिंह, जयराम चौहान, सुखीराम, ताराचंद बाबूजी, किशनचंद, सतवीर, श्रीचंद, प्रदीप संगवैया, हेतराम मेघवाल, एडवोकेट कमल सिंह, हरद्वारी, देवीसिंह, सुरेंद्र, तरुण, राहुल और जगदीश सहित कई लोग मौजूद रहे।
