खैरथल। किशनगढ़बास पुलिस ने ग्राम मांचा में हुई हत्या की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जयपुर रेंज के वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव (आरपीएस) और वृताधिकारी किशनगढ़बास राजेंद्र सिंह (आरपीएस) के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। घटना 29/30 अक्टूबर 2025 की रात ग्राम मांचा में हुई थी। चाचाका निवासी समददीन उर्फ समयदीन उर्फ बिल्ला को कुछ लोगों ने बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तुरंत सीएचसी किशनगढ़बास में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे जीएच अलवर रेफर किया गया। इलाज के दौरान समददीन की मृत्यु हो गई। इस घटना के संबंध में किशनगढ़बास पुलिस थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। हत्या के बाद पुलिस ने एक टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, संदिग्धों से पूछताछ की गई और साक्ष्य जुटाए गए। इसके आधार पर दो मुख्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों से उनके अन्य साथियों की भूमिका के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साकीर पुत्र सप्पी मोहम्मद (27 वर्ष) और साबिर पुत्र सप्पी मोहम्मद (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम मांचा, थाना किशनगढ़बास, जिला खैरथल-तिजारा के निवासी हैं। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक ज्ञानचंद, हेड कॉन्स्टेबल विजयपाल, कॉन्स्टेबल संदीप कुमार, कॉन्स्टेबल जोगेंद्र सिंह और कॉन्स्टेबल दिलफूल शामिल थे। किशनगढ़बास पुलिस की तत्परता से हत्या के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सका है। अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की गहन जांच जारी है।