एटीएस व एएनटीएफ राजस्थान की संयुक्त टीमों ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुष्कर-अजमेर बायपास से काली थार गाड़ी में एमडीएमए (सफेद माल) की सप्लाई देने आए एक हिस्ट्रीशीटर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 86 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है। एटीएस महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया- गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश ग्वाला (28) पुत्र सुजाराम निवासी हिरादेसर, थाना भोपालगढ़, जिला जोधपुर के रूप में हुई है, जो थाना भोपालगढ़ का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। आरोपी पर लूट, डकैती रेप और हत्या सहित 13 मामले दर्ज पुलिस के अनुसार आरोपी पर साल 2016 से 2025 के बीच लूट, डकैती, नकबजनी, मारपीट, रेप, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, ऑनलाइन साइबर फ्रॉड सहित कुल 13 आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जोधपुर से पुष्कर–अजमेर क्षेत्र में एमडीएमए की सप्लाई करने आया था। पुलिस ने ग्राहक बन आरोपी को पकड़ा एटीएस व एएनटीएफ को आसूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीमों ने ग्राहक बनकर आरोपी से संपर्क किया। सैम्पल देने के बहाने आरोपी 86 ग्राम एमडीएमए लेकर मौके पर पहुंचा। शक होने पर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीमों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इस संयुक्त कार्रवाई में एटीएस व एएनटीएफ मुख्यालय जयपुर, एटीएस चौकी अजमेर तथा पुलिस थाना गेगल, जिला अजमेर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मादक पदार्थ तस्करी की सूचना इन नंबरों पर दें महानिरीक्षक पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या अन्य अपराधों से जुड़ी किसी भी सूचना को एएनटीएफ नियंत्रण कक्ष 0141-2502877 अथवा वॉट्सऐप नंबर 9001999070 पर साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। नीचे ब्लॉग में पढ़े क्राइम की अन्य खबरें……..