श्रीगंगानगर में कार खरीदने पहुंचे डीलर से 3 लाख 25 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कार बेचने का झांसा देकर डीलर को श्यामनगर बुलाया और 3.25 लाख रुपए का सौदा तय किया। इसके बाद साजिश के तहत पेमेंट गांधीनगर (गुजरात) में करवाया गया। वहां रकम मिलने की पुष्टि होते ही आरोपी कार की चाबी, 29-30 नंबर फॉर्म, बैंक की एनओसी और दूसरे कागजात लेकर बैठ गए और डिलीवरी देने से इनकार कर दिया। डीलर को धमकाकर वापस भेज दिया गया। मामले में पुरानी आबादी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कार-24 का सेल्स एग्जिक्यूटिव बताकर किया कॉन्टेक्ट पुलिस के अनुसार सिंह कार बाजार के संचालक प्रिंस गंभीरी निवासी चूनावढ़ ने रिपोर्ट दी है। इसमें हितेश शाह, उसके पिता अशोक शाह और नीतिश उर्फ अभिषेक निवासी गांधीनगर (गुजरात) पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। प्रिंस ने बताया कि नीतिश ने उसे कॉल कर खुद को कार-24 का सेल्स एग्जिक्यूटिव बताया और कहा कि श्यामनगर में उसके जानकार की कार बिकाऊ है। इसके बाद प्रिंस अपने साथी डेनिश सनेजा के साथ श्यामनगर पहुंचा। ट्रायल के बाद 3.25 लाख में सौदा तय हुआ श्यामनगर पहुंचने पर प्रिंस और डेनिश की मुलाकात हितेश और अशोक शाह से हुई। कार की ट्रायल लेने के बाद दोनों पक्षों के बीच 3 लाख 25 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इसके बाद अशोक और हितेश के कहने पर प्रिंस ने 3.25 लाख रुपए का भुगतान गांधीनगर में करवाया। अभिषेक का एक व्यक्ति वहां से रकम लेकर चला गया। गुजरात में पेमेंट मिलते ही चाबी-कागजात उठाए प्रिंस ने पुलिस को बताया कि इस दौरान वह और डेनिश, हितेश और अशोक के पास बैठे रहे। गुजरात में रकम मिलने की पुष्टि होने के बाद हितेश और अशोक ने टेबल पर रखी कार की चाबी, 29-30 नंबर फॉर्म, बैंक की एनओसी और अन्य कागजात उठा लिए। इसके बाद उन्होंने कार की डिलीवरी देने से इनकार कर दिया और दोनों को धमकाकर वापस भेज दिया। पुरानी आबादी थाने में केस, ASI कर रहे जांच ठगी के बाद प्रिंस गंभीरी ने पुरानी आबादी थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने हितेश शाह, अशोक शाह और नीतिश उर्फ अभिषेक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई छिंदरपाल सिंह कर रहे हैं।