मंदिर दर्शन के जा रहे दो दोस्तों की बाइक को कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक एक ही जगह पर काम करते थे। घटना जालोर जिले के झाब थाना क्षेत्र की है। झाब थाना एसएआई किशलाल ने बताया- घटना सोमवार सुबह 11 बजे की है। थाने में सूचना मिली कि सरहद चौरा के पास एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी है। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने बाइक सवार दो घायलों को सांचौर के निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों के शव को सांचौर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। सूचना पर पुलिस टीम सांचौर जिला अस्पताल पहुंची। जहां मृतकों की पहचान गणपत सिंह राजपुरोहित (40) निवासी अरनू, भीनमाल (जालोर) और खुमान सिंह (35) निवासी ढोक, चौहटन (बाड़मेर) के रूप में हुई। सांचौर में एक दुकान पर काम करते थे दोनों दोस्त पुलिस ने बताया- गणपत और खुमान सिंह दोस्त थे। दोनों सांचौर बाजार स्थित लक्ष्मी किराना दुकान पर एक साथ काम करते थे। हर पूर्णिमा पर दोनों बिजरोल स्थित खेतेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए साथ जाते थे। सोमवार सुबह जब वे मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे तो सांचौर से 35 किलोमीटर आगे सरहद चौरा के पास लियादरा (झाब) की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस दौरान कार का ड्राइवर गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। गणपत सिंह की सात बेटी और एक बेटा है। वहीं खुमान सिंह की शादी नहीं हुई थी। ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस एएसआई किशनाराम ने बताया-मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने दोनों वाहनों को साइड में हटवाया है। फरार कार ड्राइवर की तलाश की जा रही है। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी। …. यह खबर भी पढ़ें तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बस पलटी,3 की मौत:सड़क पर बिखरे शव, 6 लोग घायल; सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे-48 पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी बस को टक्कर मार दी। टक्कर से बस सड़क किनारे गड्‌ढे में पलट गई। बस में सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)