श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में कांग्रेस नेता (पूर्व प्रधान) युवरेंद्र सिंह के बेटे जैसल सिंह बराड़ (27) ने दादा की लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। घटना से 10 दिन पहले ही सगाई हुई थी। पिता युवरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि उसकी की पत्नी, सास-ससुर और साले उस पर उसकी पसंद का रिश्ता तोड़ने का दबाव बना रहे थे। घटना से एक घंटे पहले मां के साथ लड़ाई भी हुई थी। उसने कहा था- अगर शादी में अपनी मर्जी करना चाहता है तो उसे जीने का अधिकार नहीं है। वहीं कर्ज में दबे ससुर पर घर से 8 करोड़ जेवर चोरी करने का आरोप भी लगाया है। घटना 12 सितंबर को श्रीकरणपुर के 5 ओ क्षेत्र में हुई थी। पढ़िए … पांच पॉइंट में क्या है पूरा मामला 1. दादा की लाइसेंसी बंदूक से किया था सुसाइड: श्रीकरणपुर में 5 ओ के रहने वाले जैसल सिंह ने 12 सितंबर को अपने दादा की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली थी। उसका शव कमरे में पड़ा मिला था। शाम को नौकर उसे चाय देने कमरे में गया तो घटना का पता चला। जैसल के पास एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें ‘I am sorry’ लिखा हुआ था। घटना से 10 दिन पहले ही उसकी सगाई हुई थी। 2. पसंद के रिश्ते को तोड़ना चाहते थे आरोपी: पिता युवरेन्द्र सिंह (यूरी) ने रिपोर्ट पर मंगलवार शाम को मामला दर्ज हुआ। रिपोर्ट में बताया- बेटा जैसल सिंह पोस्ट ग्रेज्युएट था और एलएलबी व एलएलएम की डिग्री हासिल कर चुका था। परिवार ने उसकी पसंद के अनुसार पंजाब निवासी युवती से उसका रिश्ता तय किया था। यूरी का आरोप है कि पत्नी पुनीत कौर, ससुर निशान सिंह, सास गोबिन्द्र कौर, साला अनमोल सिंह और शैलेन्द्र जाखड़ इस रिश्ते को तोड़ने का दबाव बना रहे थे। साला शैलेन्द्र जाखड़ अपनी रिश्तेदारी में जैसल का रिश्ता करवाना चाहता था और इसके पीछे परिवार की संपत्ति पर कब्जे की मंशा थी। 3. घटना से एक घंटे पहले मां से हुआ था झगड़ा: यूरी ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि 12 सितंबर को दोपहर में घटना से पहले जैसल और उसकी मां पुनीत कौर के बीच करीब एक घंटे तक तीखी नोकझोंक हुई थी। पुनीत कौर ने जैसल से कहा कि अगर वह रिश्ते के मामले में अपनी मर्जी करना चाहता है तो उसे जीने का अधिकार नहीं है। इसी मानसिक प्रताड़ना और दबाव के चलते जैसल ने सुसाइड किया। 4. घर से 8 करोड़ के जेवर गायब: यूरी ने पत्नी पुनीत कौर पर घर से करीब 8 करोड़ रुपए कीमत के सोने के जेवर ले जाने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने बताया कि जैसल की मौत के बाद पत्नी को इलाज के लिए श्रीगंगानगर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल का खर्च उन्होंने खुद उठाया। पत्नी अभी तक घर नहीं लौटी है। इसी दौरान उन्हें घर से जेवरात गायब होने का पता चला। यूरी का आरोप है कि उनके ससुर निशान सिंह पर काफी कर्ज था और इसी वजह से आरोपितों ने उनके घर से करोड़ों रुपए के सोने के जेवरात ले लिए। 5. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की: केसरीसिंहपुर पुलिस ने यूरी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस घटना से पहले हुए विवाद, जैसल के रिश्ते को लेकर परिवार में चल रहे मतभेद, सुसाइड के लिए उकसाने के आरोप और जेवरात से जुड़े आरोपों की जांच करेगी। — संबंधित ये खबर भी पढ़ें … कांग्रेस-नेता के बेटे का सुसाइड,10 दिन पहले हुई थी सगाई:दादा की बंदूक से खुद को मारी गोली, नोट में लिखा- I AM SORRY श्रीगंगानगर की श्रीकरणपुर पंचायत समिति के पूर्व प्रधान और कांग्रेस नेता युवरेंद्र सिंह के बेटे जैसल सिंह बराड़ (27) ने आत्महत्या कर ली। पूरी खबर पढ़ें
