झालावाड़ में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। शुक्रवार को मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित इस बैठक में राजस्व कार्यों में गति और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर राठौड़ ने अधिकारियों को सभी राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने DLIRMP योजना के तहत सर्वे और रिसर्वे कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। ऑनलाइन नामांतरण, सीमाज्ञान और सहमति के विभाजन से संबंधित प्रकरणों को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, टेलीकॉम टावर (रो-पोर्टल) और डीएलटीसी टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े लंबित अनुमोदनों को शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया, जिससे संचार सुविधाओं का विस्तार हो सके। बैठक में पेयजल आपूर्ति, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद और एलपीजी व पेट्रोल की सुचारू आपूर्ति व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। ग्रीष्मकाल में पेयजल आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, कलेक्टर ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।