भास्कर न्यूज| अमृतसर फोकल प्वाइंट में अमर कलर केमिकल फैक्टरी पर प्रदूषण फैलाने का आरोप लगाते हुए वार्ड 34 के निवासियों ने रोष मार्च निकालते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दफ्तर का घेराव किया। सुबह 11 बजे रोष मार्च राजिंदर नगर से शुरू किया फिर अमर कैम फैक्टरी होते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दफ्तर पहुंचा। यहां पुलिस वालों ने प्रदर्शनकारियों को मेन गेट पर ही रोक दिया। जिस पर लोगों व पुलिस के बीच बहसबाजी हुई। वहीं, जब स्थानीय लोगों ने पुलिस को दो टूक शब्दों में चेताया कि अफसर बाहर नहीं निकले तो जबरन अंदर आने को मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। जिसके बाद एडिश्नल एक्सईएन बाहर आए व लोगों की मुश्किलों को सुनने के बाद ज्ञापन लिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो भी बनती कार्रवाई होगी की जाएगी। पहले भी फैक्टरी के खिलाफ 3-4 बार एक्शन हो चुका है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि फैक्टरी से निकलने वाले जहरीले धुएं और रसायनिक कचरे के कारण इलाके में सांस संबंधी बीमारियां, आंखों में जलन और पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो रहा है। इस प्रदूषण से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो चुका है। आने वाले 10 दिनों के भीतर फैक्ट्री पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की तो जीटी रोड पर बैठने को मजबूर होंगे। इस मौके पर पार्षद अमृतपाल सिंह, आप नेता रोशन सिंह, मनदीप सिंह, पुष्पिंदर साग्गु, गुरदीप सिंह, शरणजीत सिंह, मुख्तियार सिंह, रजिंदर सिंह, प्रिंस, लवप्रीत सिंह, लवली आदि मौजूद रहे।
