करौली जिले में विशेष योग्यजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 से 29 मार्च तक तीन दिवसीय निःशुल्क विशाल अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर भारत विकास परिषद, जिला प्रशासन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा श्री महावीर दिव्यांग सहायता समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। शिविर प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक चलेगा। इसमें दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर एवं हाथ, तिपहिया साइकिल, व्हीलचेयर, वॉकर, बैसाखियां और कैलीपर्स सहित विभिन्न सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, वृद्धजनों को छड़ी और सुनने की मशीन भी उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजकों ने बताया कि शिविर का लाभ लेने के इच्छुक व्यक्ति अपने साथ UDID कार्ड अथवा वैध दिव्यांगता प्रमाण पत्र अवश्य लेकर आएं। इससे पात्रता के आधार पर उन्हें सुविधा प्रदान की जा सकेगी। यह शिविर शिवशक्ति मैरिज गार्डन, खादी भंडार के पास, शिकारगंज, करौली में आयोजित किया जाएगा। भारत विकास परिषद करौली शाखा के अध्यक्ष तुलसी फरेटिया, पूर्व अध्यक्ष सीताराम शर्मा, गोविंद गुप्ता, योगेंद्र सिंघल और नागेंद्र शर्मा सहित अन्य सदस्य इस आयोजन में मौजूद रहेंगे।
