करौली जिला मुख्यालय पर 19 साल बाद रावण दहन होगा। नगर परिषद द्वारा दशहरा पर्व पर मुंशी त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम में यह कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। स्टेडियम में 41 फुट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस आयोजन में भव्य आतिशबाजी और सजावट भी की जाएगी। लंबे समय बाद यह कार्यक्रम फिर से शुरू होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। उल्लेखनीय है कि करौली में रामलीला मंचन और रावण दहन की शुरुआत वर्ष 2002 में हुई थी, लेकिन 2006 में यह कार्यक्रम बंद हो गया था। तब से क्षेत्रवासी इसकी पुनः शुरुआत की मांग कर रहे थे। हाल ही में करौली विकास मंच ने इस संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा था। करौली के एसडीएम और कार्यवाहक नगर परिषद आयुक्त प्रेमराज मीणा ने बताया कि ज्ञापन पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने मामले को जिला कलेक्टर के संज्ञान में लाया। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर परिषद की ओर से रावण दहन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। नगर परिषद और अधिकारियों की टीम पुतले के निर्माण, सजावट और आतिशबाजी की तैयारियों में जुटी है, ताकि दशहरा पर्व पर यह सांस्कृतिक आयोजन भव्य रूप से संपन्न हो सके। करौली विकास मंच के बबलू शुक्ला ने इस पहल के लिए नगर परिषद आयुक्त और प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
