करौली जिले में पुलिस ने “ऑपरेशन शिकंजा” और एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में 251 पुलिसकर्मियों की 66 टीमों ने 358 संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने कुल 108 अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 14 इनामी बदमाश भी शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में 5 जघन्य मामलों में वांछित, 13 स्थायी वारंटी, 19 गिरफ्तारी वारंटी और 11 सामान्य प्रकरणों के आरोपी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 31 लोगों को शांतिभंग और अन्य मामलों में हिरासत में लिया गया। पुलिस ने 15 अपराधियों पर विभिन्न अधिनियमों के तहत मुकदमे भी दर्ज किए हैं। स्मैक के साथ तस्कर को दबोचा
अभियान के दौरान अवैध नशे, हथियार, शराब और खनन के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध सामान जब्त किया गया। सपोटरा थाना पुलिस ने 1.14 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। साथ ही दो फरार स्थायी वारंटियों और एक गिरफ्तारी वारंटी को भी पकड़ा गया। 3 इनामी आरोपी गिरफ्तार
सूरौठ थाना पुलिस ने 3 इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें से दो आरोपी एक साल से फरार थे, जबकि तीसरा आरोपी छेड़छाड़ व अन्य मामलों में तीन साल से फरार चल रहा था, जिसे दिल्ली से पकड़ा गया। एक स्थायी वारंटी को डिटेन कर संबंधित थाने को सौंपा गया और आबकारी एक्ट में एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया। 4 हिस्ट्रीशीटर दबोचे
सदर करौली थाना पुलिस ने तीन गिरफ्तारी वारंटियों के साथ चार हिस्ट्रीशीटर और एक चालानशुदा अपराधी को गिरफ्तार किया। वहीं, लांगरा, नादौती और मामचारी थानों की पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में अवैध देशी शराब के साथ तस्करों को पकड़ा। कोतवाली हिण्डौन सिटी पुलिस ने दो गिरफ्तारी वारंटी, दो हिस्ट्रीशीटर और एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया। महिला थाना करौली ने करीब एक साल से फरार दो स्थायी वारंटियों को दबोचा। कुड़गांव थाना पुलिस ने अवैध 12 बोर देशी कट्टे के साथ विधि से संघर्षरत एक बालक को निरुद्ध किया और दो वारंटियों को गिरफ्तार किया। टोडाभीम थाना पुलिस ने सात वांछित आरोपियों और तीन वारंटियों को पकड़ा। इसके अलावा, 11 हिस्ट्रीशीटर व दो हार्डकोर अपराधियों की जांच की गई और शांति भंग के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। 5 हजार का इनामी वारंटी गिरफ्तार
बालघाट थाना पुलिस ने पांच हजार रुपए के इनामी स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर अवैध पत्थर और बजरी से भरी चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त करते हुए चार आरोपियों को पकड़ा।
कोतवाली करौली थाना पुलिस ने फिरौती और जानलेवा हमले के मामले में पांच हजार रुपए के इनामी आरोपी सहित स्मैक तस्करी में फरार एक अन्य इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा दो स्थायी वारंटी, तीन गिरफ्तारी वारंटी और कई चालानशुदा व अभ्यस्त अपराधियों को हिरासत में लिया गया तथा आठ लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।