करौली जिले में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ एक बड़ा सर्च अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देश पर शुक्रवार को जिलेभर में एक साथ दबिश दी गई। इस कार्रवाई के लिए कुल 56 पुलिस टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने 380 संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली और कुल 143 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 6 वारंटी, 2 सामान्य प्रकरणों में वांछित, 1 जघन्य मामले का आरोपी, 1 धोखाधड़ी का आरोपी और 14 अन्य अधिनियमों में वांछित अपराधी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 119 अपराधियों को शांति भंग और चालानशुदा मामलों में पकड़ा गया। सर्च अभियान के साथ-साथ जिलेभर में ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी भी की गई। कुल 21 नाकाबंदी स्थलों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस ने 440 दुपहिया और 380 चौपहिया वाहनों की जांच की। इस दौरान 51 वाहन मोटर व्हीकल एक्ट के तहत और 1 वाहन 106 बीएनएसएस के तहत जब्त किया गया। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने अवैध स्मैक का 1, आबकारी अधिनियम के 3 और अन्य लोकल एक्ट का 1 प्रकरण दर्ज किया। इन मामलों में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, 7 आरोपियों को शांति भंग के आरोप में हिरासत में लिया गया। जिलेभर में चला यह विशेष सर्च अभियान पुलिस की एक महत्वपूर्ण और बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।