पाली जिले के बगड़ी नगर पंचायत के करमावास पट्टा गांव में फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने पोलिंग पार्टी को बूथ के अंदर बंद कर दिया। प्रत्याशी के समर्थकों ने बूथ के गेट पर ताला लगा दिया और नारेबाजी की। सूचना पर बगड़ी नगर थानाप्रभारी प्रहलादसिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइश से मामला शांत करवाया। इसके बाद पोलिंग पार्टी को पुलिस पहरे में तय स्थान तक पहुंचाया गया। इसके बाद प्रत्याशी के समर्थकों ने बगड़ी नगर पहुंचकर आरओ को लिखित में शिकायत देकर जांच की मांग की। फर्जी वोटिंग करने के आरोप लगाए
दरअसल, पहले चरण में जिले के सोजत सिटी, मारवाड़ जंक्शन, बगड़ी नगर, रानी और सुमेरपुर पंचायत में 24 अक्टूबर को सरपंचों और पंचों के लिए वोटिंग हुई थी। इसके बाद देर रात परिणाम जारी किए गए। सोजत सिटी के खारिया नींव, मारवाड़ जंक्शन के कंटालिया, केसरसिंह गुड़ा, रानी के किशनपुरा, कीरवा में फर्जी मतदान के आरोप लगे और लोगों ने प्रदर्शन किया। मारवाड़ जंक्शन के आऊवा-देवली में सरपंच के जेठ के साथ मारपीट हो गई। ऐसे में उन्होंने मारवाड़ जंक्शन थाने में रिपोर्ट भी दी। बिठोड़ा कला में पथराव हुआ
मारवाड़ जंक्शन के बिठोड़ा कलां गांव में सरपंच का रिजल्ट जारी होने के बाद हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने पथराव कर दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है। यहां से पूर्व प्रधान मंगलाराम देवासी की मां जानकी देवी की जीत के बाद नाराज दूसरे पक्ष के लोगों ने पथराव किया। बता दें कि दूसरे चरण में जिले के पाली, रोहट, बाली और देसूरी पंचायत में 30 अक्टूबर को पंच-सरपंच के चुनाव होंगे और उसके बाद नतीजे आएंगे।
