करनाल की सुभाष कॉलोनी स्थित शादी वाले घर में पिस्तौल की नोक पर परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट व फायरिंग करने वाले पांचों बदमाशों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने पांचों को 6 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। मुख्य आरोपी ताजगंज लुधियाना निवासी राजीव उर्फ राजा का लंबा आपराधिक इतिहास है और वह 50 से अधिक वारदातों में शामिल रह चुका है। उसके साथ दीपक उर्फ हैरी, प्रिंस कुमार, अमृत पाल और अभिषेक भी पकड़े गए। पुलिस ने इनसे 4 देसी पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद किए हैं। शिकायतकर्ता मनोज कुमार के बेटे आदित्य को गोली लगी थी, जिसकी हालत अब सुधर रही है। पुलिस वारदात की वजह और योजना की जांच कर रही है। 18 साल की सजा काट चुका राजा गिरोह का सरगना जांच में पता चला है कि ताजगंज लुधियाना निवासी राजीव उर्फ राजा का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड है और वह करीब 50 वारदातों में शामिल रह चुका है। एक संगीन मामले में वह 18 साल जेल की सजा भी काट चुका है। उसके साथ बहादुरगढ़ रोड शिवपुरी लुधियाना निवासी दीपक उर्फ हैरी, शिमलापुरी बरोटा रोड लुधियाना निवासी प्रिंस कुमार, शिमलापुरी जीतो मार्केट लुधियाना निवासी अमृत पाल और अभिषेक भी वारदात के समय मौजूद थे। सीआईए-1 इंचार्ज इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि सभी का रात को नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाकर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 6 दिन का रिमांड मिला है। पुलिस अब यह समझने की कोशिश करेगी कि इतने दूर से आए गिरोह ने करनाल को निशाना क्यों बनाया और उन्होंने किस तरह घर को चुना। बरामद हुए 4 देसी पिस्तौल और 10 कारतूस, एफएसएल टीमों ने उठाए नमूने पुलिस ने सभी आरोपियों के कब्जे से 4 अवैध देसी पिस्तौल 32 बोर और 10 कारतूस बरामद किए हैं। एफएसएल टीमों ने घटनास्थल से फिंगर प्रिंट, खोखे और अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि इन साक्ष्यों के आधार पर मामला अदालत में और मजबूत तरीके से पेश किया जाएगा। मनोज कुमार ने बताया-बेटे आदित्य की हालत में सुधार सुभाष कॉलोनी निवासी मनोज कुमार की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया था। मनोज कुमार ने बताया कि वारदात के दौरान बेटे आदित्य को गोली लगी थी और उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों की टीम की कोशिशों से उसकी स्थिति अब बेहतर बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि अचानक घर में घुसकर बदमाशों द्वारा फायरिंग करने और लूटपाट करने से परिवार अब भी सदमे में है। हालांकि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई कर बदमाशों को पकड़ा, जिससे परिवार को कुछ राहत मिली है। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि लूटी गई नकदी और जेवर की बरामदगी जल्द हो सकती है। इलाके में दिनभर पुलिस तैनात रही, रिश्तेदारों का जुटा तांता घटना की खबर मिलने पर रिश्तेदार और परिचित बड़ी संख्या में घर पहुंचे। पूरे दिन मिलने वालों का तांता लगा रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुभाष कॉलोनी और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ाई और लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। सीआईए-1 की टीम अब रिमांड अवधि में आरोपियों से पूछताछ कर वारदात की वजह, योजना और अन्य संभावित साथियों की जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि केस को पूरी मजबूती के साथ कोर्ट में पेश किया जा सके।
