डेरा बाबा नानक में आज यानी मंगलवार को करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने के लिए विशेष अरदास की गई। श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने श्री गुरु नानक देव जी के जोति जोत दिवस पर डेरा बाबा नानक स्थित श्री करतारपुर साहिब लांघे के नजदीक विशेष अरदास की। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि लांघा जल्द खोला जाए ताकि श्रद्धालु पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारों के दर्शन कर सकें और सेवा कर सकें। जत्थेदार गड़गज ने कहा कि आज का दिन अत्यंत पवित्र है जब गुरु नानक देव जी ने करतारपुर साहिब में ज्योति जोत समाई थी। दुनिया भर की सिख संगत इस पावन स्थल के दर्शन की लालसा रखती है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों के चलते पंजाब से आने वाले श्रद्धालु दर्शन से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि करतारपुर साहिब, ननकाना साहिब, पंजा साहिब सहित अन्य गुरुद्वारों के दर्शन खोलें ताकि सिख संगत सेवा कर सके। साथ ही उन्होंने पंजाब में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए भी अर्जी लगाई और प्रदेश की तरक्की और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर श्री दरबार साहिब, डेरा बाबा नानक में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग भी पड़े, जिसमें शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी भी शामिल हुए। संगत ने जत्थेदार द्वारा की गई अरदास का समर्थन करते हुए सेवा कार्यों में सहयोग का संकल्प लिया।
