कपूरथला के सुभानपुर क्षेत्र में एक ASI का भतीजा गंभीर रूप से घायल मिला है। उसे एंबुलेंस 108 की मदद से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवक उसे घर से बुलाकर ले गए और तेजधार हथियारों से हमला कर सुभानपुर पुल के पास फेंक गए। मिली जानकारी के अनुसार, कपूरथला सिटी थाने में तैनात एएसआई मंगल सिंह के भतीजे दविंदर सिंह निवासी धारीवाल बेट को दोपहर में कुछ युवक बात करने के बहाने घर से बुलाकर ले गए। रास्ते में उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। दो साल पहले भी किया था हमला एएसआई मंगल सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते 7-8 युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया है। हमलावर उनके भतीजे को मरा हुआ समझकर फेंक गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि हमलावरों ने दो साल पहले भी दविंदर पर हमला किया था, जिसका मामला थाना ढिलवां में दर्ज है। राहगीरों ने घायल युवक को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस 108 की मदद से घायल दविंदर सिंह को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डीएसपी भुलत्थ करनैल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुभानपुर थाना पुलिस घायल के बयान दर्ज करने के लिए सिविल अस्पताल गई है। घायल के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
