कपूरथला सिटी थाना पुलिस ने लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की एक बाइक, दो मोबाइल और 2000 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। सिटी थाना एसएचओ अमनदीप ने इसकी पुष्टि की है। एसएचओ अमनदीप ने बताया कि पहला मामला पवनदीप कौर पत्नी सतपाल, निवासी जग्गूशाह डेरा से जुड़ा है। पवनदीप ने पुलिस को बताया कि वह सुबह 9:15 बजे औजला फाटक के पास एक गली में पैदल जा रही थीं, तभी उनके मोबाइल पर कॉल आई। जब वह बात कर रही थीं, पीछे से दो बाइक सवार आए और उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सिटी थाने में मामला दर्ज किया गया। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी गुरजिंदर सिंह निवासी खोजेवाल, और नछतर सिंह निवासी धारीवाल दोना को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक KTM बाइक (PB-09-AQ-9667) और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। दूसरे मामले में, बलकार सिंह निवासी कुद्दोवाल करतारपुर, ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह मोहल्ला महताब गढ़ से सवारी छोड़कर लौट रहे थे। रास्ते में एक दरगाह के पास तीन बदमाशों ने उन्हें रोका, धमकी दी और मारपीट कर 4000 रुपए नकद तथा एक सोने की अंगूठी छीनकर भाग गए। बलकार सिंह की शिकायत पर भी सिटी थाने में एफआईआर दर्ज की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सुखजिंदर सिंह और अजय कुमार दोनों निवासी मोहल्ला महताब गढ़, को गिरफ्तार किया। इनके पास से 2000 रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
