कपूरथला के थाना सदर क्षेत्र के एक गांव में 8वीं कक्षा की एक छात्रा से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसी गांव की एक अन्य लड़की ने उसे सिगरेट पीने के लिए मजबूर किया और मना करने पर उसकी पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सदर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सिविल अस्पताल कपूरथला में उपचाराधीन पीड़ित छात्रा ने बताया कि वह गांव के ही सरकारी स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ती है। उसने आरोप लगाया कि उसी के गांव की एक लड़की उसे सिगरेट पीने के लिए दबाव डाल रही थी। जब उसने सिगरेट पीने से इनकार किया, तो आरोपी लड़की ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। सिविल अस्पताल में कराया गया भर्ती घटना के बाद परिजनों ने छात्रा को तुरंत सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती करवाया। यहां ड्यूटी डॉक्टर विजय की निगरानी में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने पीड़िता की मेडिको-लीगल रिपोर्ट (MLR) तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए थाना सदर में भेज दी है। जांच अधिकारी अमरीक सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
