कपूरथला में एक युवक को कनाडा भेजने के नाम पर 12.52 लाख रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में दंपती सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। भुलत्थ थाना पुलिस ने धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत यह कार्रवाई की है। फिलहाल, इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस को दी शिकायत में सवरण सिंह, निवासी गांव बागड़िया, भुलत्थ ने बताया कि वह अपने भांजे सहजदीप सिंह, निवासी बसराय, गुरदासपुर को कनाडा भेजना चाहते थे। इसी सिलसिले में उनकी मुलाकात राज कुमार उर्फ राजू थापर, उसकी पत्नी सिमरन और माता बलवीर कौर, निवासी गांव खसन्न से हुई। पैसे मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे
आरोपियों ने सवरण सिंह को विश्वास दिलाया कि वे उनके भांजे को कनाडा भेज देंगे और दावा किया कि वे पहले भी कई लोगों को विदेश भेज चुके हैं। सवरण सिंह के अनुसार, आरोपियों ने उनके भांजे को कनाडा भेजने के लिए उनसे 12 लाख 52 हजार रुपए ले लिए। हालांकि, उन्होंने न तो सहजदीप सिंह को कनाडा भेजा और न ही पैसे वापस किए। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने कई बार अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी टालमटोल करते रहे। इसके बाद परेशान होकर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। भुलत्थ थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।