कपूरथला के श्री सत्यनारायण बाजार में दिनदहाड़े एक मनी एक्सचेंजर की दुकान से 1.20 लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई। अज्ञात चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का मेमोरी कार्ड भी निकाल कर ले गया। हालांकि, पास की एक अन्य दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध कैद हो गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित अरविंदर सिंह सत्यनारायण बाजार में ‘एवी एंटरप्राइजेज’ के नाम से वेस्टर्न यूनियन का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर के समय एक युवक उनकी दुकान पर आया और आधार कार्ड बनवाने के बारे में पूछा। जब अरविंदर सिंह ने बताया कि यह सुविधा यहां उपलब्ध नहीं है, तो युवक चला गया। दुकानदार बोले- लौटने पर देखा तो गल्ला टूटा था कुछ देर बाद, अरविंदर सिंह अपने किसी काम से बैंक चले गए। इसी दौरान अज्ञात चोर ने वारदात को अंजाम दिया। करीब 10-15 मिनट बाद जब अरविंदर सिंह दुकान पर वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि काउंटर का गल्ला टूटा हुआ था और सीसीटीवी कैमरे का रुख दीवार की ओर किया हुआ था। जांच करने पर पता चला कि गल्ले से 1.20 लाख रुपये की नकदी गायब थी। चोर अपने साथ दुकान में लगे कैमरे का मेमोरी कार्ड भी ले गया था। घटना की सूचना मिलने पर थाना सिटी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की जांच में जुटे डीएसपी सबडिवीजन शीतल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल के नजदीक लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध युवक कैद हुआ है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। डीएसपी शीतल सिंह ने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता बढ़ गई है।