राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कपूरथला के बाऊपुर मंड इलाके के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने कहा कि गेहूं की बुवाई के लिए किसानों को अभी भी खाद, बीज और डीजल की सख्त आवश्यकता है। संत सीचेवाल ने दानवीर सज्जनों से मदद की अपील भी की। बता दें कि, चार महीने पहले इस इलाके में भीषण बाढ़ आई थी। 10 और 11 अगस्त की रात भैणी कादर बख्श गांव के पास बांध टूट गया था। इस बाढ़ से मंड इलाके की लगभग 3500 एकड़ फसल बर्बाद हो गई थी और किसानों की जमीनों में चार से पांच फुट तक रेत जमा हो गई थी। संत सीचेवाल ने ट्रैक्टर चलाकर खेतों को किया समतल संत सीचेवाल स्वयं किसानों के खेत समतल करने के काम में घंटों ट्रैक्टर चलाते हुए मदद कर रहे हैं। पंजाब के अलावा, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के किसानों ने भी बाढ़ पीड़ितों के लिए आर्थिक सहायता भेजी थी। हरियाणा के सिरसा जिले से किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर भी पहुंचे थे। संत सीचेवाल ने कहा कि, बाढ़ के कारण कई किसानों के खेतों में गहरे गड्ढे बन गए थे। बाढ़ आने के सवा महीने बाद खेतों को समतल करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। किसानों के खेतों से निकाली गई रेत का उपयोग अस्थायी बांध को ऊंचा और मजबूत करने के लिए किया जा रहा है। किसानों ने प्रवासी पंजाबियों से खाद, बीज और डीजल की व्यवस्था करने में मदद की अपील की है। उनका कहना है कि यदि उन्हें एक फसल के लिए सहायता मिल जाए, तो वे दोबारा अपने पैरों पर खड़े हो सकते हैं।
