कपूरथला के फगवाड़ा सब डिवीजन के गांव रानीपुर कंबोआ में बाइक सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने एक युवक को अरुण कुमार पर गोली मारकर घायल कर दिया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना गुरुद्वारा रामसर के पास हुई। घायल की पहचान अरुण कुमार निवासी गांव बुहानी के रूप में हुई। गांव के ही रहने वाले अमरीक सिंह ने बताया कि अरुण कुमार पिछले 25 वर्षों से उनके साथ रह रहे हैं और घर के कामों में मदद करते हैं। अमरीक सिंह ने यह भी बताया कि हमलावर कई दिनों से अरुण कुमार की रेकी कर रहे थे। उन्होंने इस बारे में संबंधित थाने की पुलिस को सूचित भी किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज जब उन्होंने रेकी कर रहे दो युवकों का पीछा किया, तो उन्होंने अरुण कुमार पर तीन गोलियां चला दीं। मौके पर पहुंच डीएसपी ने ली जानकारी घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी फगवाड़ा भारत भूषण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव रानीपुर कंबोआ के सरपंच रजिंदर सिंह चंदी ने इस घटना को निंदनीय बताया और कहा कि इससे गांव में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की अपील की। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि अरुण कुमार को गोली लगने के बाद भर्ती किया गया था और अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार इस पूरी घटना के संबंध में एसपी फगवाड़ा गुरमीत कौर ने बताया कि बुहानी गांव के पास हुई गोलीबारी में अरुण कुमार को तीन गोलियां लगी थीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी समीर निवासी फिल्लौर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरा युवक फरार हो गया। पुलिस द्वारा पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है।
