कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी थाने में पुलिस हिरासत में रखे गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस युवक को सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी लेकर आई थी, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार ने सिविल अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन किया और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। मृतक की पहचान वीरपाल (25) पुत्र गुरमेल सिंह, निवासी गांव मसीतां के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे वीरपाल के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सरपंच के उकसावे पर उनके बेटे की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने पुलिस पर वीरपाल को नशीला पदार्थ देने का भी आरोप लगाया है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। श्मशान घाट में मिला था सरपंच के बेटे का शव दरअसल मामला गांव मसीतां में कुछ दिन पहले हुई एक युवक की मौत से जुड़ा है। गांव के वर्तमान सरपंच हरमेश सिंह गोरा के 25 वर्षीय बेटे सुखजिंदर सिंह की नशे के ओवरडोज से मौत हो गई थी। उसका शव श्मशान घाट से बरामद हुआ था। परिजनों ने सुखजिंदर की हत्या का संदेह जताते हुए सुल्तानपुर लोधी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। युवक की मौत मामले में हिरासत में लिया था इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया था। आज जिस युवक की मौत हुई है, वह इन्हीं संदिग्धों में से एक था। मृतक के शव को सिविल अस्पताल, सुल्तानपुर लोधी के शवगृह में रखवा दिया गया है। इस मामले पर एसपी-डी कपूरथला प्रभजोत सिंह विर्क ने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।