कपूरथला पुलिस ने जाली दस्तावेजों के आधार पर अदालतों से आरोपियों की जमानत करवाने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में जाली दस्तावेज और विभिन्न ओहदों की मोहरें बरामद की गई हैं। डीएसपी सब-डिवीजन शीतल सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इस गिरोह का नेटवर्क पंजाब के कई जिलों में फैला हुआ है, जिसमें कई जिलों के वकीलों के मुंशी भी शामिल हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर खास ने अधिकारियों को सूचना दी थी कि अमृतसर निवासी गुरप्रीत सिंह और विक्टर मसीह जेल में बंद विभिन्न मामलों के आरोपियों की जमानत जाली दस्तावेज तैयार कर अदालत में पेश करते हैं और अदालत को गुमराह करते हैं। यह गिरोह पंजाब के अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और गुरदासपुर सहित कई जिलों में सक्रिय है। पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि आरोपी गुरप्रीत सिंह और विक्टर मसीह ने हाल ही में सतनाम सिंह पंच बलरामपुर के जाली दस्तावेज, मेंबर पंचायत का जाली आईडी कार्ड और पंच की जाली मोहरें लगाकर सिटी थाना में वर्ष 2023 में दर्ज एफआईआर नंबर 220 के आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ काला की जमानत के लिए दस्तावेज तैयार किए थे। हालांकि, कुछ कारणों से अदालत ने जमानत नहीं दी। बाद में, आरोपियों द्वारा दाखिल किए गए दस्तावेजों की जांच में वे जाली पाए गए। डीएसपी शीतल सिंह ने बताया कि थाना सदर की पुलिस और साइंस सिटी चौकी के इंचार्ज एएसआई लखबीर सिंह की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपी गुरप्रीत सिंह और विक्टर मसीह को काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उनके गिरोह के सदस्यों ने अब तक 50 से अधिक हवालातियों की जमानत जाली दस्तावेजों के आधार पर करवाई है। दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए 2 दिन का पुलिस रिमांड भी मिला है। डीएसपी ने यह भी बताया कि प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों से एक कार (PB-02DQ-5707) अलग-अलग नाम के जाली आधार कार्ड, आईडी कार्ड, के साथ साथ नंबरदार, मेंबर पंचायत की जाली मोहरे, गांव कोटली, गांव बलरामपुर फगवाड़ा आदी की जमीनों की 4 फर्द, 4 मोबाइल फोन, 11 फीस कोर्ट टिकट, अलग-अलग व्यक्तियों और आरोपियों की 8 पासपोर्ट साइज फोटो, 2 आरसी कार्ड बरामद हुए हैं। DSP ने यह भी बताया कि यह गैंग काफी बड़ा है, जो कि पंजाब के कई जिलों में सक्रिय है। इस गैंग में अलग-अलग शहरों के कुछ वकीलों के मुंशी भी शामिल है। काबू किये आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। जिस दौरान पूछताछ में कई इस गैंग से जुड़े कई सफेदपोश लोगों के बारे खुलासा होने की संभावना है।