कपूरथला में दशहरा पर्व से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसएसपी गौरव तूरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान देवी तालाब और मस्जिद चौक पर दशहरा समारोह स्थलों की सुरक्षा का जायजा लिया गया। एसएसपी ने प्रबंधकों से बात कर पुलिस टीम को विशेष निर्देश दिए। त्योहारों के सीजन और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च की शुरुआत कपूरथला बस स्टैंड से हुई। एसएसपी गौरव तूरा ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करते हुए यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया। इस दौरान एसपी गुरप्रीत सिंह, डीएसपी दीपकरण सिंह और थाना सिटी एसएचओ अमनदीप नाहर सहित पुलिस बल उनके साथ मौजूद था। टीम ने बाजारों का भी दौरा किया। कई जगह निकाले गए फ्लैग मार्च एसएसपी ने बताया कि कपूरथला के अलावा फगवाड़ा, सुल्तानपुर लोधी और भुलत्थ में भी पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाले गए हैं। जिले भर में दशहरा पर्व समारोह स्थलों और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए 80 प्रतिशत पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात मार्ग परिवर्तन (ट्रैफिक रूट डायवर्जन) समारोह से तीन घंटे पहले तभी किया जाएगा, जब इसकी आवश्यकता महसूस होगी।
