कपूरथला नगर निगम कर्मचारी यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों ने निगम कमिश्नर के ऑफिस के बाहर धरना प्रदर्शन किया और प्रशासन व पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन के प्रधान गोपाल थापर ने बताया कि पिछले कई सालों से सीवरेज मेन और सफाई कर्मचारियों की भर्ती की मांग उठाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम में समय-समय पर आए अधिकारियों द्वारा इस प्रस्ताव को हाउस में रखने की बात कहकर टाल दिया जाता है। सीएम और वित्त मंत्री को लेटर लिख चुके-प्रधान
थापर ने यह भी कहा कि म्यूनिसिपल एक्शन कमेटी पंजाब की मांगों को लेकर संगठन द्वारा स्थानीय निकाय विभाग के उच्च अधिकारियों, सीएम और वित्त मंत्री को कई बार लिखित लेटर और बैठकों के माध्यम से अवगत कराया गया है। हालांकि, लंबे समय बीत जाने के बाद भी कोई ठोस परिणाम नहीं निकला, जिससे पंजाब के सभी म्यूनिसिपल कर्मचारियों में भारी रोष है। इसी कारण म्यूनिसिपल कर्मचारी एक्शन कमेटी पंजाब ने संघर्ष का रास्ता चुना और 17 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। यूनियन ने सरकार से मांग की है कि नगर निगमों, परिषदों और पंचायतों द्वारा घर-घर जाकर कचरा संग्रहण, कूड़ा उठाने, प्रसंस्करण, जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन एवं रखरखाव, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और सीवरेज के संचालन एवं रखरखाव के कार्यों को ठेके पर देने के प्रस्तावों को तुरंत रद्द किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इन कार्यों के लिए कोई निविदाएं जारी की गई हैं या कार्यादेश दिए गए हैं, तो उन्हें तत्काल रद्द किया जाए। निगम कर्मचारियों की इस हड़ताल के चलते शहर में कूड़े के ढेरों से बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
