कपूरथला पुलिस ने पाकिस्तान को रक्षा क्षेत्र की गोपनीय जानकारी और तस्वीरें भेजने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी गुरनाम सिंह को फिरोजपुर से पकड़ा है, जिसका सीधा संपर्क पाकिस्तान से था। पुलिस ने आरोपियों से छह मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल जानकारी भेजने के लिए किया जाता था। एसपी (डी) प्रभजोत सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, क्योंकि यह एक बड़ा गिरोह प्रतीत होता है। मुख्य आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी। बता दें कि, कपूरथला जिला पुलिस ने 28 अक्टूबर को गुप्त सूचना के आधार पर कांजली के पास राजा नामक एक युवक को गिरफ्तार किया था। राजा, जो सेना क्षेत्र में सफाई कर्मचारी है, पर अपने साथियों की मदद से सेना क्षेत्र की तस्वीरें और गोपनीय दस्तावेज पाकिस्तान भेजने का आरोप है। आरोपी पर पहले से दर्ज हैं एनडीपीएस एक्ट के कई केस राजा के खिलाफ थाना कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया था। पूछताछ के बाद जसकरण सिंह निवासी धर्मकोट को गिरफ्तार किया गया। जसकरण सिंह से पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी गुरनाम सिंह निवासी फिरोजपुर को पकड़ा गया। गुरनाम सिंह को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। एसपी प्रभजोत सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों से बरामद छह मोबाइल फोन का उपयोग सेना क्षेत्र की तस्वीरें और गोपनीय दस्तावेज पाकिस्तान भेजने के लिए किया जाता था। उन्होंने यह भी बताया कि फिरोजपुर निवासी गुरनाम सिंह मुख्य आरोपी है और उस पर पहले भी एनडीपीएस के कई मामले दर्ज हैं।