बरनाला के थाना शहना में कनाडा निवासी किरण कौर और उसके परिवार के चार अन्य सदस्यों के खिलाफ 41 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि किरण कौर ने अपने पति सरबजीत सिंह को कनाडा बुलाकर अकेला छोड़ दिया और उसे प्रताड़ित किया। सरबजीत सिंह के पिता डोंगर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी के बाद किरण कौर ने सरबजीत को कनाडा बुलाया। वहां पहुंचने पर वह उसके साथ नहीं रही, बल्कि उसे पुलिस के माध्यम से धमकाने लगी। आरोप है कि किरण ने इस दौरान अपने भाई को भी कनाडा बुला लिया और अब वह उसके साथ रह रही है। डोंगर सिंह के अनुसार, शादी के समय यह समझौता हुआ था कि उनका परिवार कनाडा जाने का खर्च उठाएगा और किरण उनके बेटे को वर्क परमिट दिलवाएगी। हालांकि, किरण ने कथित तौर पर साजिश के तहत धोखा किया। परिवार ने कई बार पंचायत के माध्यम से मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन सभी कोशिशें नाकाम रहीं। पुलिस ने मां को गिरफ्तार किया
इसके बाद पुलिस ने किरण कौर, उसके पिता कुलवंत सिंह, मां निर्मला कौर, दादी करतारी देवी और चाचा कृष्ण सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने निर्मला कौर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। सरबजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर बताया कि वह धोखे का शिकार हुआ है और उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं। उसके परिवार का कहना है कि सरबजीत कनाडा में छिपकर रहने को मजबूर है और उसकी मानसिक स्थिति इतनी खराब है कि वह आत्महत्या जैसा कदम भी उठा सकता है। परिवार ने न्याय की मांग करते हुए कहा है कि 41 लाख रुपए उनके लिए एक बड़ी रकम थी और वे अपनी पूरी संपत्ति गंवा चुके हैं।
