आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले कनाडा क्रिकेट टीम के युवा खिलाड़ी युवराज समरा आज गोल्डन टेंपल में माथा टेकने पहुंचे।अमृतसर के इस नौजवान खिलाड़ी ने गुरु घर में नतमस्तक होकर सरबत के भले की अरदास की और वाहेगुरु का धन्यवाद किया। कनाडा क्रिकेट टीम के सुपरस्टार और भारतीय मूल के युवराज समरा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह जब भी गुरु नगरी अमृतसर आते हैं तो गोल्डन टेंपल में शीश झुकाना नहीं भूलते। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता गुरु की कृपा और परिवार के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी इस उपलब्धि को देश और अपने माता-पिता को समर्पित करते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक से दुनिया में चमका कनाडा टीम का सितारा युवराज समरा विश्व के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में शतक बनाया। मात्र 19 वर्ष की आयु में उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। उनकी इस पारी ने न केवल कनाडा टीम को मजबूती दी बल्कि दुनिया भर में उनकी प्रतिभा का लोहा मनवाया। भारत के प्रदर्शन की सराहना, वेस्ट इंडीज के खिलाफ खेल को बताया शानदार युवराज समरा ने भारतीय टीम के प्रदर्शन की भी सराहना की और कहा कि वेस्ट इंडीज के खिलाफ भारत ने बेहतरीन खेल दिखाया है। युवराज ने उम्मीद जताई कि इस बार टी20 विश्व कप का खिताब भारत ही जीतेगा। गुरु नगरी पहुंचकर युवराज समरा ने कहा कि वह आगे भी मेहनत और लगन से खेलते रहेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे।