राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित सब-इंस्पेक्टर एवं प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2026 सोमवार को डीडवाना जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। दो दिनों तक चली इस परीक्षा में हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
राज्य सरकार के ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत नकल और पेपर लीक जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त रहा। जिले के सभी 23 परीक्षा केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले त्रिस्तरीय जांच से गुजरना पड़ा, जिसमें मेटल डिटेक्टर से जांच के साथ-साथ जूते, मोजे और अन्य संदिग्ध वस्तुएं बाहर उतरवाई गईं। परीक्षा के आंकड़ों के अनुसार, कुल 9,346 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से पहले दिन 5,795 उपस्थित रहे, जबकि 3,551 अनुपस्थित थे। दूसरे दिन उपस्थिति में मामूली वृद्धि दर्ज की गई, जिसमें 5,899 अभ्यर्थी शामिल हुए और 3,447 अनुपस्थित रहे।
प्रशासन द्वारा निर्धारित समय के अनुसार, परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए थे। दोनों दिनों कई अभ्यर्थी कुछ मिनट की देरी से पहुंचे, लेकिन सख्त नियमों के कारण उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। कई परीक्षार्थी केंद्रों के बाहर प्रवेश के लिए अनुरोध करते देखे गए, पर उन्हें निराश लौटना पड़ा।
जिला प्रशासन द्वारा गठित विशेष उड़नदस्तों ने दिनभर विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। नियंत्रण कक्ष से पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी गई, जिसकी मॉनिटरिंग प्रभारी श्रवण कुमार कर रहे थे। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी सुनिश्चित की गई। दो दिवसीय इस महत्वपूर्ण परीक्षा के शांतिपूर्ण समापन के बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने राहत की सांस ली है।
