​डीडवाना-कुचामन जिले के नावा सिटी क्षेत्र में परिवहन विभाग ने ओवरलोड और टैक्स डिफाल्टर वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की है।विभाग ने 10 वाहनो के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तक़रीबन 12 लाख का जुर्माना लगाया है जिसमें पांच वाहनों को सीज किया गया है।धुलण्डी के दिन नमक से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर से हुए हादसे में दो लोगों की मौत के बाद विभाग सक्रिय हुआ है। यह अभियान पूरे सप्ताह जारी रहेगा।
​परिवहन निरीक्षक मनोज शर्मा और किरण कुमार वर्मा के नेतृत्व में की गई इस जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहनों के चालान काटे गए। इसके साथ ही, टैक्स बकाया होने और नियम विरुद्ध तरीके से ट्रैक्टरों के पीछे मिट्टी खोदने वाली मशीनें लगाकर उन्हें ‘जेसीबी’ की तरह उपयोग करने पर तीन ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवाया गया है। इसके अलावा 1 बस एक लोडर और 3 ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है

​परिवहन अधिकारियों के अनुसार, नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ यह सख्ती आगे भी बनी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई से सरकार को लगभग 12 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है। विभाग ने सभी वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और ओवरलोडिंग से बचने की अपील की है।
इस मामले में जिला परिवहन अधिकारी सुप्रिया बिश्नोई ने बताया कि दो दिनों में हमने नावां क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया है यहां ओवरलोड व्हीकल्स के कारण बढ़ते हादसों को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है। साथ ही वाहन चालकों को हिदायत भी दी जा रही है ताकि ओवरलोडिंग और नियम विरुद्ध चलने वाले वाहनों पर रोक लग सके।

गौरतलब है की 5 मार्च को नावां के जाब्दीनगर में एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई थी। दोनों युवक बाइक पर सवार थे और गांव से निकलकर अपने रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे कि सामने से आ रहे ओवरलोड ट्रैक्टर ने उनको टक्कर मार दी। टक्कर के बाद नमक से भरी ट्रॉली उनके ऊपर उलट गई जिसकी वजह से उनकी मौक़े पर ही मौत हो गई थी।