जैसलमेर यात्रा पर आए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अभी कुछ दिनों पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को करारा जवाब दे दिया है। अब हिमाकत करने से पहले वह सौ बार सोचेगा। यदि पाकिस्तान ने दुबारा कोई दु:साहस किया, तो उसका परिणाम क्या होगा, यह पाकिस्तान को भी बहुत अच्छे से पता है… क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है, उसे सिर्फ स्थगित किया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथसिह जैसलमेर के आर्मी स्टेशन में गुरुवार को आयोजित बड़ा खाना के अवसर पर सैन्य अधिकारियों और जवानों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारे शत्रु, चाहे बाहरी हों या आंतरिक, कभी निष्क्रिय नहीं रहते। वे हमेशा किसी न किसी रूप में सक्रिय रहते हैं।