जयपुर के सांगानेरी गेट महिला चिकित्सालय में इलाज के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं को न तो समय पर डॉक्टर मिल रहे, न इलाज। सबसे ज्यादा हालात तो ओपीडी खत्म होने के बाद इमरजेंसी टाइमिंग में होती है। इमरजेंसी में घंटों तक डॉक्टर उपलब्ध नहीं होते। अगर इमरजेंसी में डॉक्टर उपलब्ध हो भी जाए तो दूसरे डिपार्टमेंट के डॉक्टर, स्टाफ नदारद हो जाते हैं। इस कारण कई बार इमरजेंसी में होने वाले ऑपरेशन भी समय पर नहीं हो पाते। ऐसा ही मामला शुक्रवार देखने को मिला। यहां इमरजेंसी में आने वाले मरीज सहित भर्ती मरीजों तक को सोनोग्राफी के लिए 2 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इनमें दो महिलाएं तो ऐसी थी, जिनका ऑपरेशन होना था। उनको जब ऑपरेशन थिएटर से सोनोग्राफी करवाने भेजा तो सोनोग्राफी रूम कोई डॉक्टर नहीं मिलने पर गर्भवती महिलाओं को टेबल पर ही लेटकर इंतजार करना पड़ा। दिन में सोनोग्राफी करवाने आई, शाम तक नहीं हुई शबनम बानो (24) के परिजन ने बताया- शबनम को दोपहर करीब 12 बजे भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने के लिए कहा। इसके बाद करीब ढाई बजे ऑपरेशन थिएटर बुलाया और यहां से सोनोग्राफी करवाने के लिए भेजा। लेकिन शाम करीब साढ़े चार बजे तक कोई डॉक्टर नहीं आने के कारण सोनोग्राफी नहीं हो सकी। यहां मौजूद किसी स्टाफ से पूछा तो बताया कि सोनोग्राफी करने वाला डॉक्टर लंच पर गया है। डेढ़ घंटे तक इंतजार करती रही गर्भवती गर्भवती शाइस्ता (39) ने बताया- मुझे डॉक्टरों ने अर्जेंट में सोनोग्राफी करवाने के लिए कहा, ताकि मेरा ऑपरेशन जल्द से जल्द हो सके। यहां जब मैं आई तो पता चला डॉक्टर नहीं है। मैं यहां करीब डेढ़ घंटे से इंतजार कर रही हूं। पुष्पा रानी (38) के परिजन ने बताया- हम इमरजेंसी में लेकर आए तो डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सोनोग्राफी करवाने के लिए लिखा। डॉक्टरों ने कहा- सोनोग्राफी की रिपोर्ट के बाद ही आगे का उपचार किया जाएगा। यहां जब हम सोनोग्राफी करवाने आए तो पता चला 1 घंटे से ज्यादा समय से डॉक्टर ही नहीं है। इस कारण हमे भी इंतजार करना पड़ रहा है। अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्या को दैनिक भास्कर एप के सिविक इश्यू में पोस्ट करने के लिए क्लिक करें।
